साइना नेहवाल भाजपा में हुई शामिल, कहा मोदी जी से हूं प्रेरित

saina nehwal join BJP

दुनिया में नंबर वन बैडमिंटन खिलाड़ी रही हैं साइना नेहवाल ने बैडमिंटन जगत में भारत को कई बड़ी जीत दिलवाई है। भारतीय शटलर साइना नेहवाल ने आज राजनीति के कोर्ट में कदम रख दिया। 29 साल की साइना नेहवाल आज अपनी बड़ी बहन चंद्राशु नेहवाल के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं।

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि आज गर्व की बात है कि साइना नेहवाल आज बीजेपी में शामिल हो रही हैं। बैंडमिंटन खिलाड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेलों को बढ़ावा दिया, मैं उनसे प्रेरित हूं।

saina nehwal join BJP

बीजेपी में शामिल होने के बाद साइना नेहवाल ने कहा कि आज अच्छा दिन है। मैंने कई खिताब जीते हैं, लेकिन आज मैं ऐसी पार्टी में शामिल हो रही हूं, जो देश के लिए इतना अच्छा काम कर रही है। मैं मेहनती खिलाड़ी हूं और मुझे उन लोगों के साथ काम करना पसंद है जो कड़ी मेहनत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए साइना नेहवाल ने कहा कि मैं देख सकती हूं कि नरेंद्र मोदी देश के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। मैं राजनीति में नई हूं। मोदी ने खेलों के लिए बहुत कुछ किया है। मैं मोदी जी से प्रेरित हूं और मुझे उम्मीद है कि मैं देश के लिए अच्छा कर सकती हूं। मैं बीजेपी का शुक्रगुजार हूं।

हैदराबाद में रहते हुए बैडमिंटन जगत में बड़ा नाम कमाने वाली साइना नेहवाल का जन्म हरियाणा के हिसार में 19 मार्च 1990 को हुआ था। वह वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में 23 मई 2015 को वर्ल्ड नंबर वन बनी थीं। इस मुकाम तक पहुंचने वाली साइना पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।

ओलिंपिक में पदक जीतने वाली वे पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। साइना ने 2014 उबर कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थीं। तब भारत कांस्य पदक जीता था। वे 2015 वर्ल्ड चैम्पियनशिप में रजत और 2017 में कांस्य जीती थीं। कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके नाम तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक है। उनके नाम एशियन गेम्स में दो कांस्य और एशियन चैम्पियनशिप में तीन कांस्य पदक हैं।

साइना को 2009 में अर्जुन अवॉर्ड, 2010 में पद्मश्री, 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न और 2016 में पद्म भूषण सम्मान दिया गया।2018 में वर्ल्ड बैडमिंटन फेडरेशन ने उन्हें मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना था।

आपको बता दें कि इससे पहले भी कई खिलाड़ियों ने बीजेपी का दामन थामा है, जिसमें पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, रेसरल बबिता फोगाट, हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह आदि शामिल हैं।

Related posts