ईश्वर | Poem on Ishwar

ishwar kavitaishwar kavita

ईश्वर उस एहसास का नाम है
जो हमें साहस देता है
कठिनाइयों से जूझने का
उन क्षणों में जब हमारी हिम्मत टूट रही हो

ईश्वर मित्र है बुरे दिनों का
जो पथरीली राहों पर
नहीं छोड़ता साथ
देता है प्रेरणा
भरता है आत्मविश्वास

ईश्वर प्रकाश है
जो विपत्तियों के अंधकार में
करता है मार्गदर्शन
खोने नहीं देता हमें
ले जाता है मंज़िल तक
सुरक्षित

ईश्वर की चौखट ही
एकमात्र ऐसी चौखट है
जहाँ सर झुकाने पर
नहीं गिरता हमारा आत्मसम्मान
बढ़ता है मान
ऊँचा उठता है
हमारी चेतना का स्तर
ईश्वर के द्वार से नहीं आता
कभी कोई निराश लौटकर…!!

सपना जैन

Related posts