अंतराष्ट्रीय पहलवान बबिता फोगाट-विवेक सुहाग ने की अनोखी शादी, 8 फेरे ले दिया ये संदेश

babita phogat vivek suhag weddding 2

दंगल गर्ल एवं अंतरारष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट नजफगढ़ निवासी भारत केसरी पहलवान विवेक सुहाग के साथ परिणय सूत्र में बंध गई । बबीता ने जहां डिजाइनर सब्य साची का तैयार किया गया लाल रंग का लहंगा पहना, वहीं विवेक ने क्रीम कलर की शेरवानी पहनी।शादी इतने अनोखे तरीके से हुई कि सभी ने दूल्हा दुल्हन की तारीफों के पुल भी बांधे।

द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महाबीर फौगाट ने बड़ी सादगी के साथ अपनी दूसरे नंबर की बेटी बबीता फौगाट का विवाह किया। हरियाणा में चरखी दादरी जिले के बलाली गांव में साधारण ढंग से शादी की रस्में अदा की गईं।

babita phogat vivek suhag wedding

शादी का आयोजन सादगी और फिजूलखर्ची न हो इसका ध्यान रखते हुए किया गया है। विवेक सुहाग ने भी इसका समर्थन किया। विवेक केवल 21 लोगों के साथ लेकर ‘दंगल गर्ल’ को ब्याहने पहुंचे। बबीता के लग्न में एक रुपया दिया गया है और शादी बिन दहेज के संपन्न हुई है। न बैंड बाजा आया और न ही डीजे बजा। घर की सजावट भी बिल्कुल साधारण नजर आई।शादी में प्लास्टिक का कहीं भी प्रयोग नहीं हुआ। शादी में लकड़ी के चम्मच और दोने ही प्रयोग किए गए।

शाम करीब साढ़े सात बजे बरात गांव बलाली पहुंची। करीब 8:50 पर लगन की रस्म अदा की गई, जबकि इसके बाद नौ बजे गौरवा देने की रस्म निभाई गई।रात करीब 11 बजे फेरे संपन्न हुए। बबीता और विवेक ने आठ फेरे लिए जिसमे आठवां फेरा लेकर समाज को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।

इस शादी समारोह में परिवार के अलावा कई विदेशी पहलवान भी मेहमान के रूप में शामिल हुए।बबीता की बड़ी बहन गीता फौगाट अपने पति पवन सरोहा के साथ शादी में पहुंचीं। उनके अलावा संगीता फौगाट के मंगेतर एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया भी शादी में शरीक होने अपने कोच शाकू के साथ पहुंचे। शाकू जॉर्जिया के निवासी हैं।

babita phogat vivek suhag wedding

सभी सामाजिक रस्मे पूरी करने के बाद बबीता व विवेक ने मिलकर पौधा रोपण भी किया। नवविवाहित जोड़े ने अपने पिता महाबीर पहलवान के अखाड़े नजदीक ही पौधा लगाया और उसमें पानी डाला।

शनिवार रात बबीता के पैतृक गांव बलाली स्थित घर पर महेंदी और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बबीता फोगाट, रीतू फोगाट व संगीता फोगाट ने भाग लिया। अखाड़े में दमखम दिखाने वालीं फोगाट बहने जमकर थिरकती नजर आई ।

विवेक का पूरा परिवार आर्य समाज के सिद्धांतों में यकीन रखता है। विवेक के पिता जय सिंह बताते हैं कि विवेक की बारात में केवल नजदीकी रिश्तेदार ही शामिल हुए। इसके अलावा बाकि मेहमानो को 2 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले रिसेप्शन पर आमंत्रित किया है। रिसेप्शन में जिन लोगों को आमंत्रण भेजा गया है उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, फिल्म अभिनेता आमिर खान सहित अनेक शख्सियत के नाम शामिल हैं। जय सिंह कहते हैं कि मुझे यकीन है कि ये तमाम लोग वर-वधू को आशीष देने अवश्य पहुंचेंगे। हम इनका स्वागत कर गौरवान्वित महसूस करेंगे।

विवेक के पिता जय सिंह पहलवान सेना से सेवानिवृत्त हैं और मां नरेश गृहिणी हैं। विवेक की बहन सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। जय सिंह करीब दो दशक से नजफगढ़ में रह रहे हैं। ये मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिला स्थित मातनहेल गांव के रहने वाले हैं।

Related posts